Maharajganj

255 मामलों में केवल 16 का ही हुआ समाधान


महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- 
 शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में 255 मामलों में केवल 16  को ही अधिकारी निपटा पाए। शेष लोग निराश होकर वापस लौट गए। हालांकि सीडीओ ने सभी मामलों को एक सप्ताह के अंदर निस्तारित करने का निर्देश दिया है। सीडीओ गौरव सिंह सोगरवाल ने सदर तहसील में समस्या सुनी। यहां कुल 55 लोग अपनी शिकायत लेकर पहुंचे। जिसमें केवल चार शिकायतों का निस्तारण किया गया। यहां सीडीओ ने कहा कि अब फसलें कट रही हैं इसलिए राजस्व अधिकारी धारा 24 और चकरोड की पैमाइश जल्द से जल्द पूरा कर लें। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को मिशन मोड में चकमार्गों का निर्माण मनरेगा के माध्यम से करवाने का निर्देश दिया। बीडीओ व डीपीआरओ को कड़ा निर्देश दिया कि लेखपाल, सेक्रेटरी व ग्रामस्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति पंचायत भवनों पर सुनिश्चित कराएं। तहसील निचलौल में एसडीएम सत्यप्रकाश मिश्र ने समस्या सुनी। यहां कुल 23 शिकायतें आईं। इनमें से मौके पर तीन का निस्तारण किया गया। फरेंदा  तहसील के सभागार में न्यायिक आयुक्त गोरखपुर हरिओम शर्मा की अध्यक्षता में समाधान दिवस हुआ। यहां कुल 103 लोग अपनी समस्या लेकर पहुंचे। जिसमें केवल पांच मामलों का निस्तारण किया गया। नौतनवा तहसील में अध्यक्षता तहसीलदार अरविंद कुमार ने की। यहां कुल 74 लोग अपनी समस्या लेकर पहुंचे। जिसमें चार मामलों का निस्तारण हो सका।

यह भी पढ़ें : चार उपनिरीक्षक सहित 14 के तबादले, अंकित सिंह बने सोनौली के चौकी इंचार्ज